अतिक्रमणकारियों का बढ़ रहा कब्जा
मोतिहारी।पु0च0
पताही प्रखंड के थाना चौक समीप हो रहे अतिक्रमण लोगों के लिये परेशानी का सबब बना हुआ है। वैसे तो पताही चौक की सड़कें चौड़ी होने के बावजूद अतिक्रमण के कारण मुख्य मार्गों पर कई बार जाम के हालात बने रहते हैं। वहीं अतिक्रमण के कारण यातायात में जाम जैसी समस्या से लोगों के लिए रोजाना परेशानियों का कारण बन चुका है। थाना चौक के समीप प्लस टू बॉय हाई स्कूल के छात्रों को स्कूल व प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणो को ब्लॉक कार्यालय में आने जाने में सड़क किनारे लगे वाहन एवं फुटपाथ दुकानों पर लगी भीड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। पताही प्रखंड के दुकानदार अपनी दुकानों के आगे निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखने लगे हैं। ऐसे में सड़क पर चलने के लिये स्थान तो बचता ही नहीं । वही चार पहिया वाहन निकलने पर जाम के हालात बन जाते हैं। इतना ही नहीं यहां पहुंचने वाले लोग अपने वाहन दुकानों के आगे खड़ा करते हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को भी आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं प्रशासन की बात करें तो आम जनता की समस्या से उन्हें कोई लेना देना नहीं होता, और अतिक्रमणकारियों पर किसी भी तरह का जुर्माना ना लगाने से ऐसे दुकानदारों का हौसला बढ़ता ही जा रहा है जिससे आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा अब देखना यह होगा कि पताही चौक पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन कब तक सख्त रवैया अपनाएगी

