* जितवारपुर में इंटर के छात्र ने की आत्महत्या, पुलिस जांच मे जुटी*
संवाददाता/ झुंझुनू बाबा
समस्तीपुर ::- मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निज़ामत पंचायत के वार्ड संख्या - 6 में स्थित एक लॉज में रह रहे एक छात्र ने सोमवार की रात पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक छात्र की पहचान विभूतिपुर प्रखंड के समर्था कल्याणपुर निवासी ब्रह्मदेव राय के पुत्र अमरेश कुमार ( 20 वर्ष ) के रूप में हुई है। वह इंटर साइंस का छात्र था और यहाँ रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार छात्र के पिता समस्तीपुर में रेल कारखाना में कार्यरत हैं। मृतक दो भाइयों में बड़ा है और इंटर का छात्र था। घटना स्थल पर उपस्थित लोगों ने बताया कि रात में वह सामान्य दिनों की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। आज सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लॉज मालिक ने इसकी सूचना थाना को दी।
सूचना मिलते ही थाना की पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।




