प्रशिक्षु सहायक समाहर्ता प्रीति राजनगर के बीडीओ एवं सीओ का पद संभालेगी
प्रशासनिक व्यबस्था चाक चौबंद होने की उम्मीद । मधुबनी
प्रशिक्षु सहायक समाहर्ता एवं सहायक दंडाधिकारी प्रीति अब राजनगर के बीडीओ एवं सीओ पद संभालेंगी। वे 2019 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। वे 12 सप्ताह तक इस पद पर रहेंगी। इस पद पर उनका कार्यकाल 18 जनवरी से 10 अप्रैल तक का होगा। राजनगर के बीडीओ एवं सीओ पद का वित्तीय अधिकार भी दिया गया है। व्यवहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उन्हें राजनगर के बीडीओ एवं सीओ पद का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने आदेश जारी कर दिया है। जिलाधिकारी ने उक्त अवधि में राजनगर की वर्तमान बीडीओ निवेदिता को मधुबनी के उपविकास आयुक्त के कार्यालय में व वर्तमान सीओ महेंद्र प्रसाद को सदर डीसीएलआर कार्यालय में योगदान करने का आदेश दिया गया है। समाहर्ता के निजी सहायक बने आशुलिपिक अर्जुन एवं सुजीत बोस मधुबनी। आशुलिपिक अर्जुन एवं सुजीत बोस समाहर्ता के निजी सहायक बनाए गए हैं। समाहर्ता के निजी सहायक का पद विगत कई वर्षो से रिक्त पड़ा था। इस पद को लेकर वर्षो से दावेदारी को लेकर संबंधित विभागों से पत्राचार का दौर भी चलता रहा। इसके बाद भी मामला अटका पड़ा था। निवर्तमान जिला पदाधिकारी डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने अपने स्थानांतरण से पहले विगत कई वर्षों से समाहर्ता के निजी सहायक के रिक्त पड़े पद का मामला समाप्त कर दिया। उन्होंने जिला गोपनीय शाखा के आशुलिपिक अर्जुन प्रसाद एवं सुजीत कुमार बोस को समाहर्ता के निजी सहायक के रूप में कार्य करने का आदेश जारी कर दिया। इस आदेश को लागू भी कर दिया गया है।

