सैनिटरी पैड बैंक का उद्घाटन किए
मोतिहारी।पु0च0
पश्चिमी ढेकहा पंचायत की वार्ड संख्या 5 की वार्ड सदस्या नीलम गिरी की पहल एवम् सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज के वित्तीय सहयोग से
बनी सैनिटरी पैड बैंक का उद्घाटन मोतिहारी के विधायक एवम् पूर्व मंत्री बिहार सरकार प्रमोद कुमार के कर कमलों द्वारा किया गया। पूर्वी चंपारण जिला की युवा लड़कियों ने महीने के 30 रुपए के स्वैच्छिक योगदान से मासिक धर्म की जरूरतों को पूरा करने के लिए सैनिटरी पेड बैंक खोला है।सेंटर फॉर कैटे लाइजिंग चेंज (सी थ्री) के द्वारा पूर्वी चंपारण जिला में चलाए जा रहे चैम्पियन परियोजना के वार्ड सदस्यों ने लड़कियों को इस पहल हेतु प्रेरणा, सहयोग एवम् मार्गदर्शन दिया है। सी थ्री संस्था के द्वारा सैनिटरी पैड बैंक की स्थापना के लिए शुरुआती सामग्री (समूह में शामिल लड़कियों के लिए तीन महीनों का सैनिटरी पैड, बक्सा, ताला, रजिस्टर, बैनर इत्यादि) के साथ साथ छह महीने तक इन समूहों के साथ जीवन कौशल के सत्रों का भी आयोजन करेगी एवम् उनको बैंक चलाने में सहयोग देगी।अभी फिलहाल इस तरह की पांच सैनिटरी बैंक की स्थापना जिला में प्रस्तावित है जिसे जनवरी माह के अंत तक पूरा कर लेने की आशा है। वही विधायक प्रमोद कुमार ने कहा की लड़कियां पहले अपने लिए आवाज नहीं उठा पाती थीं, ना वे सैनिटरी पैड के बारे में जानती थीं। लेकिन आज उन्होंने लड़कियों के लिए सैनिटरी पैड का एक बैंक शुरू किया है। इससे पता चलता है कि सी थ्री द्वारा चलाए जा रहे चैम्पियन परियोजना में शामिल वार्ड सदस्यों ने समाज पर कितना प्रभाव डाला है।नीलम गिरी ने कहा कि सी थ्री के सहयोग से सैनिटरी पैड बैंक स्थापित करना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है एवम् महिला होने के नाते मुझे अंदरुनी खुशी मिली है।सैनिटरी पैड बैंक में शामिल किशोरी समूह की अध्यक्ष आरती कुमारी ने बताया कि हमलोग इस बैंक को पूरी मेहनत से चलाएंगे और वे सभी प्रयास करेंगे जिससे इस बैंक की चर्चा देश विदेश में हो। हमलोग पूरे वार्ड की महिलाओं और लड़कियों का एक डाटाबेस तैयार कर रहे हैं। जिससे हम उनकी मासिक धर्म शुरू होने की तारीख संकलित कर रहे हैं ताकि सैनिटरी पैड बैंक के द्वारा सभी को पैड की आपूर्ति उनके मासिक धर्म के शुरू होने से पहले ही नियत समय पर की जा सके।

